मुरैना , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र में अपने घर में सो रहे एक युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात तीन बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार लवकुश माहौर (25) सूरत (गुजरात ) में काम करता है। वह अभी बारह दिन पहले ही वहां से ग्राम सिहोनिया अपने बेटे के जन्म की खुशी और होली मनाने आया था। कल रात वह अपने परिवार के साथ कमरे में सोया हुआ था। उसके परिजन बाहर सोए थे।रात तीन बजे उनके कमरे से गोली चलने की आवाज आने पर परिजन ने दरवाजा खुलवाया तो लवकुश खून से लथपथ पड़ा था। उसकी कनपटी में गोली लगने का निशान था।

सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां मिलने से पुलिस ने पति पत्नी के बीच विवाद होने से प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला बताया है।

वहीं मृतक के भाई का आरोप है कि एक पड़ोसी से उनका पुराना विवाद चल रहा था। उसने ही लवकुश की गोली मारकर हत्या की है। भाई का दावा है कि पड़ोसी की चप्पल छत पर पड़ी हुई मिली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृत्यु के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित