महराजगंज , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज में सदर कोतवाली क्षेत्र के बोकड़ा देवी मंदिर के पास सोइया नाले में बुधवार को महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव बरामद हुए। तीनों मंगलवार शाम से लापता थे। आशंका है कि नाला पार करते समय गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हुई।
पुलिस के अनुसार, पनियारा थाना क्षेत्र के डिगरी बेलहिया गांव निवासी पूनम (48) मंगलवार शाम मायके से अपने ससुराल सदर कोतवाली क्षेत्र के बीट नर्सरी जाने के लिए निकली थी। उसके साथ सात वर्षीय बेटा विपिन और छह वर्षीय बेटी सुहानी भी थे। बोकड़ा देवी मंदिर से पहले सोइया नाले पर नाव नहीं मिलने पर पूनम दोनों बच्चों का हाथ पकड़कर पैदल नाला पार करने लगी। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से तीनों डूब गए।
बुधवार को पूनम के भाई धर्मेंद्र ने उसके पति मोहित से फोन पर संपर्क किया और बहन के ससुराल पहुंचने के बारे में जानकारी ली। मोहित ने बताया कि पूनम घर नहीं पहुंची है। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नाले के पास तीनों के शव पानी में उतराते मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका का पति मोहित दिल्ली में पेंटिंग का काम करता है। पत्नी और दोनों बच्चों की मौत की सूचना से परिवार में मातम पसरा है।
क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि सोइया नाले से महिला और दो बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित