रांची , जनवरी 29 -- झारखंड की 6 बेटियां का चयन सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है।

साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन(सैफ) के तत्वावधान में 31 जनवरी से 7 फरवरी तक नेपाल के काठमांडू में आयोजित होने वाली सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए घोषित 23 सदस्यीय भारतीय टीम में झारखंड की 6 बालिकाओं का चयन किया गया है। ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

चयनित खिलाड़ियों में झारखंड सरकार के खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्टेडियम गुमला की चार खिलाड़ी - एलिजाबेथ लकड़ा, अनीता डुंगडुंग, सूरज मुनि कुमारी और विनीता होरो शामिल हैं। वहीं आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग से अनुष्का कुमारी तथा स्टार वॉरियर्स रांची से दिव्यानी लिंडा का भी चयन भारतीय टीम में हुआ है।

भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 31 जनवरी को मेजबान नेपाल के विरुद्ध खेलेगी। झारखंड की इन खिलाड़ियों के चयन से राज्य में खेल प्रतिभाओं के निरंतर उभार और सरकार द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्रों की सफलता एक बार फिर प्रमाणित हुई है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, झारखंड फुटबॉल संघ के महासचिव गुलाब रब्बानी, खेल उपनिदेशक राजेश कुमार, देवेंद्र सिंह, जिला खेल पदाधिकारी गुमला प्रवीण कुमार, रांची शिवेंद्र सिंह, फुटबॉल कोच बिना केरकेट्टा, सोनी कुमारी, सुशीला कुमारी, बबलू समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित