रोहतक , अक्टूबर 17 -- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं प्रदेशभर में फसल खरीद व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। मंडियों में खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
डॉ. शर्मा शनिवार को रोहतक अनाज मंडी में फसल खरीद व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खरीद प्रक्रिया में तेजी आई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में किसानों को फसल बेचने के लिए दो से तीन महीने तक मंडियों में इंतजार करना पड़ता था, जबकि अब 15 दिन में खरीद पूरी की जा रही है। सरकार की प्राथमिकता किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य समय पर दिलाना और मंडियों से उपज का शीघ्र उठान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह फसल खरीद और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
हरियाणा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, युवा सहित सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर श्री शर्मा ने कांग्रेस से सवाल किया कि चुनाव जीतने पर उसे चुनाव आयोग निष्पक्ष नजर आता है, जबकि हारने के बाद वह आयोग पर आरोप लगाने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी हार की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर जनता को गुमराह कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, चेयरमैन हरिश कौशिक, पूर्व महापौर मनमोहन गोयल, पूर्व वरिष्ठ उप महापौर राजकमल सहगल सहित अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित