चंडीगढ़ , जून 01 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के लेजर वैली पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य पुलिस के लिए 312 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 310 मोटरसाइकिलें और दो होंडा एलिवेट गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें होंडा इंडिया फाउंडेशन ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराया है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह पहल प्रदेश में जन सुरक्षा को और मजबूत बनाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, सशक्त और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई ईआरवी के माध्यम से पुलिस की पहुंच बढ़ेगी और संकट की स्थिति में लोगों को पहले से अधिक तेजी से सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

श्री सैनी ने हरियाणा पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देश में पुलिस का औसत रिस्पांस टाइम लगभग 18 मिनट है, जबकि हरियाणा पुलिस ने इसे घटाकर मात्र सात मिनट तीन सेकंड तक पहुंचा दिया है। उन्होंने इसे पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता, बेहतर प्रबंधन और आधुनिक कार्यप्रणाली का परिणाम बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट गाड़ी, फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट गाड़ी प्रदान की गई हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य जिलों को 210 मोटरसाइकिलें दी गई हैं। इन वाहनों को विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता कम से कम समय में उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से जनहित के कार्यों को नई गति मिलती है।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नई ईआरवी के शामिल होने से हरियाणा पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि ये वाहन किसी भी सूचना पर तेजी से घटनास्थल तक पहुंचने में सक्षम होंगे, जिससे लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और आसान हो जाएगा।

पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित ये वाहन पुलिसिंग को और प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल आधारित ईआरवी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में तेजी से पहुंचकर आपात स्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा नागरिकों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित