चंडीगढ़ , मई 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाये जाने का स्वागत करते हुए कहा कि यह किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसान हित में फैसले ले रही है।

सरकार द्वारा जारी नये एमएसपी के अनुसार धान (सामान्य) का समर्थन मूल्य 2369 रुपये से बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जबकि ए-ग्रेड धान का एमएसपी 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। बाजरे का एमएसपी 2775 रुपये से बढ़ाकर 2900 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। इसके अलावा अरहर का एमएसपी 8450 रुपये, उड़द का 8200 रुपये तथा मूंगफली का एमएसपी 7517 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

सरकार ने सोयाबीन, सूरजमुखी, तिल और कपास जैसी फसलों के एमएसपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। मध्यम रेशे वाली कपास का एमएसपी 8267 रुपये तथा लंबी रेशे वाली कपास का एमएसपी 8667 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएसपी में बढ़ोतरी से किसानों को उनकी फसलों का बेहतर मूल्य मिलेगा और वे अधिक लाभदायक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित होंगे। सरकार का उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित