चंडीगढ़ , मई 29 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा' अभियान के तहत प्रदेशभर में करीब 100 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना तथा लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पानीपत में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने 10 करोड़ रुपये की लागत से बने एमआरआई सेंटर और एसएनएसपी क्लीनिक का उद्घाटन किया तथा कई पीएचसी और हेल्थ सब सेंटरों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सिरसा में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने करीब पांच करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार आमजन की जरूरतों के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है।
हिसार में मंत्री रणबीर गंगवा ने सशक्त परिवार क्लीनिक, हेल्थ सब सेंटर, अमृत फार्मेसी और मिल्क पार्लर का शुभारंभ किया। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता पर विशेष जोर दिया।
फतेहाबाद और भिवानी में भी करोड़ों रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। सरकार ने कहा है कि हर नागरिक तक सस्ती, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित