चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पंजाब के रायपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब अमर शहीद बीबी शरण कौर जी में माथा टेककर महान शहीद को नमन किया। इसके बाद उन्होंने लखनो स्थित प्राचीन शिव मंदिर डेरा बाबा उनेद गिरी जी में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने पंजाब, हरियाणा सहित पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबी शरण कौर का जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य से पीछे न हटना और मानवता की सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करना सच्ची वीरता है। उन्होंने युवाओं से महान बलिदानियों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव त्याग, शक्ति, संयम और मानवता के प्रतीक हैं। सनातन परंपरा हमें व्यक्तिगत हित से पहले समाज और राष्ट्र हित तथा अपने सुख से पहले मानवता के कल्याण को प्राथमिकता देने की सीख देती है।

उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल पड़ोसी राज्यों का नहीं, बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति, संस्कार और भाईचारे का है। गुरुओं, संतों और महापुरुषों की शिक्षाएं हमें सेवा, त्याग, साहस और मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाती हैं।

श्री सैनी ने लोगों से भाईचारा मजबूत करने, जरूरतमंदों की सहायता, बेटियों का सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने धर्म, जाति, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर एकजुटता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज और देश एकजुट रहेगा तो विकास की राह और मजबूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित