चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के सनौर में शहीद सरदार उधम सिंह के 87वें शहादत दिवस समारोह में पंजाब सरकार पर चुनावी वादों और भर्ती प्रक्रिया को लेकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब केवल चार महीने शेष हैं। इसलिए पंजाब की जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार ने अपने 56 चुनावी वादों में से कितने पूरे किये हैं और क्या शेष वादे निर्धारित समय में पूरे हो पाएंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री सैनी ने कहा कि भाजपा ही शहीद उधम सिंह के युवाओं के विकास संबंधी सपनों को साकार कर सकती है। उन्होंने आबकारी निरीक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए इसे युवाओं के साथ अन्याय बताया। उन्होंने कहा कि विकास केवल नारों से नहीं, बल्कि मजबूत इरादों और प्रतिबद्धता से होता है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने चुनावी घोषणापत्र के 217 संकल्पों में से 70 को डेढ़ वर्ष में पूरा कर दिया है और शेष संकल्प भी जल्द पूरे किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित