चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायत पर पिहोवा नगर पालिका सचिव अशोक कुमार को निलंबित कर दिया है।

श्री सैनी ने प्रदेशभर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्या को लेकर किसी भी व्यक्ति को उनके पास आने की जरूरत न पड़े और शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अगले ही दिन पिहोवा से प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित शिकायत सामने आने पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई की। प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने नगर पालिका पिहोवा के सचिव अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निदेशालय, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा, पंचकूला निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद हुई इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित