धूरी/ चंडीगढ़ , जून 7 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के धूरी में आयोजित जनसभा में राज्य में राजनीतिक परिवर्तन का आह्वान करते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी के वादों और आश्वासनों से निराश हो चुकी है तथा अब विकास और सुशासन चाहती है।

श्री सैनी ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे खुद को क्रांतिकारी बताते हैं, लेकिन वास्तव में जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे, किसानों और विकास जैसे मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सभी फसलों पर एमएसपी और नुकसान का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा, जबकि हरियाणा में सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर की जाती है। उन्होंने दावा किया कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राज्य सरकार ने व्यापक आर्थिक सहायता दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित