बिहारशरीफ , सितंबर 25 -- झारखंड एवं बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) तथा स्थानीय प्रशासनिक बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, वीएसएम ने शुक्रवार को सैनिक स्कूल नालंदा का दौरा किया और स्थानीय प्रशासनिक बोर्ड की 26वीं बैठक की अध्यक्षता की।

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि सैनिक स्कूल पहुंचने पर मेजर जनरल जितेंद्र सिंह को औपचारिक सलामी दी गई। उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय में हाल में किए गए आधारभूत संरचना विकास कार्यों का अवलोकन किया तथा कैडेट बैंड की प्रस्तुति देखी।

मेजर जनरल सिंह ने इस दौरान विद्यालय की पत्रिका 'द मौर्यन-2026' के डिजिटल संस्करण का विमोचन भी किया। उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास और प्रगति के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों और योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर मेजर जनरल ने कैडेटों के साथ संवादात्मक सत्र में नेतृत्व, चरित्र निर्माण और जीवन मूल्यों के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कैडेटों को अनुशासन, ईमानदारी, साहस, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।

श्री सिंह ने कैडेटों को सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी के रूप में सेवा करने के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्रीय रक्षा अकादमी की परीक्षा की लगन और समर्पण के साथ तैयारी करने को कहा। उन्होंने युवाओं से उत्कृष्टता हासिल करने, गर्व एवं सम्मान के साथ सैन्य वर्दी धारण करने और राष्ट्रसेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित