चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 17 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के सैनिक पहलवान गुर्जर को शुक्रवार को उनके गांव में पूर्ण सम्मान के साथ तीन वर्षीय बेटी ने मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। श्री गुर्जर का गुरुवार को दिल्ली छावनी में ह्रदयाघात से निधन हो गया था।

पहलवान गुर्जर की पार्थिव देह को आज यहां सेना के जवान लेकर आये। यहां राजमार्ग पर होड़ा चौराहे से उनके गांव धीरजी का खेड़ा तक उनका पार्थिव शरीर आठ किलोमीटर की तिरंगा यात्रा के साथ लाया गया जहां उनकी तीन वर्षीय पुत्री ने उन्हें मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी।

इस दौरान उनके माता, पिता, पत्नी अन्य परिजनों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक चंद्रभानसिंह आक्या सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सैनिक पहलवान गुर्जर दूसरी बार के प्रयास से 2017 में सेना में भर्ती हुए और राजपूताना रायफल्स में दिल्ली छावनी में पदस्थ थे। उन्हें बुधवार शाम अचानक दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद गुरुवार को सैन्य अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। अंतिम समय में उनकी पत्नी एवं पुत्री साथ थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित