बैतूल , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नागरिकों को गांव और वार्ड स्तर पर शासकीय योजनाओं एवं लोक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए 03 और 04 अक्टूबर को 'सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार' के तहत मेगा शिविर आयोजित किए जाएंगे। 03 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर तथा 04 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। शिविर सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चलेंगे।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। अपर कलेक्टर वंदना जाट को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। डिप्टी कलेक्टर अनिता पटेल और कीर्ति डेहरिया को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। विकासखंडों में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे।

अभियान के तहत आम नागरिकों, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं तथा वंचित और कमजोर वर्गों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं के साथ राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। पूर्व से लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों को सूचीबद्ध करने के साथ शेष पात्र लोगों का चिन्हांकन और पंजीयन किया जाएगा। निर्धारित वार्षिक लक्ष्यों से शेष पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने की कार्रवाई भी शिविर में की जाएगी।

नागरिकों के पंजीयन के लिए प्रत्येक शिविर में तीन अलग-अलग पंजीयन केंद्र बनाए जाएंगे। यहां कम्प्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती रहेगी। संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को अपने निर्धारित केंद्र पर उपस्थित रहकर योजनाओं की जानकारी देने और पात्र प्रकरणों का मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे 'सेवा संकल्प अभियान' का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित