राजनांदगांव , सितम्बर 25 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और उनके आवेदनों के निराकरण के लिए एक से सात अक्टूबर तक नगरीय निकाय एवं विकासखंड स्तर पर 'सेवा सेतु कार्यक्रम (सरकार आपके द्वार)' के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार शिविरों से पहले 25 से 30 सितम्बर तक नागरिकों से विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय परिसर डोंगरगांव, तीन अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय परिसर राजनांदगांव, पांच अक्टूबर को नगर निगम कार्यालय परिसर राजनांदगांव, छह अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय परिसर डोंगरगढ़ और सात अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय परिसर छुरिया में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। डोंगरगांव के लिए जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोशनी भगत टोप्पो, राजनांदगांव जनपद पंचायत के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनीष साहू, नगर निगम राजनांदगांव के लिए आयुक्त जीएस मरकाम, डोंगरगढ़ के लिए जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भगवती साहू और छुरिया के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होरी लाल साहू को नोडल अधिकारी बनाया गया है। विभागीय स्टॉल के समन्वय की जिम्मेदारी संबंधित विभागाध्यक्षों को दी गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से सेवा सेतु शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित