जगदलपुर , जून 12 -- छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की सेवा सेतु केंद्र योजना के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। सेवा सेतु केंद्रों के जरिए विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं नागरिक सेवाओं का लाभ अब एक ही स्थान पर आसानी से मिल रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार विकासखंड बस्तर के ग्राम चोकर निवासी रामेश्वरी ने मई में सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से विवाह पंजीयन के लिए आवेदन किया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें तय समय सीमा के भीतर विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
रामेश्वरी ने शुक्रवार को बताया कि उनका विवाह फरवरी में तिरपती से हुआ था। विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र की आवश्यकता होने पर उन्होंने सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया, जहां आवश्यक मार्गदर्शन मिलने के साथ ही बिना किसी परेशानी के उनका कार्य पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई कार्यालयों में जाना पड़ता था और अधिक समय लगता था, जबकि अब यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई है। उन्होंने समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के लिए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा सेतु पहल के तहत आय, जाति, निवास, विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन संबंधी राजपत्र अधिसूचना तथा भू-नकल सहित 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एकीकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों अथवा पोर्टलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पूर्व में ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर 86 सेवाएं उपलब्ध थीं। इसके उन्नत संस्करण सेवा सेतु में 441 से अधिक सेवाओं को शामिल किया गया है। इनमें 54 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं, जबकि विभिन्न विभागों की 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का एकीकरण भी किया गया है। 30 से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं।
सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन सहित अनेक नागरिक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का मानना है कि इससे प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनी है तथा जनहितकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित