चंडीगढ़ , जून 06 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को समालखा स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र के वार्षिक स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सेवा, साधना और समर्पण की भावना से समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है तथा आत्मनिर्भर भारत के एक जीवंत मॉडल के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की मजबूत नींव गांवों में है और विकसित गांवों के बिना विकसित राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि केंद्र आसपास के 100 गांवों के समग्र विकास पर कार्य कर रहा है जहां शिक्षा, कौशल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, खेल और रोजगार जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रहा है। साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण देकर उन्हें आधुनिक एवं सतत कृषि की ओर प्रेरित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने देशी गाय पर सब्सिडी बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी है तथा किसानों को आवश्यक संरचना विकसित करने के लिए अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं।

उन्होंने युवाओं से अपने गांवों को आत्मनिर्भर, किसानों को समृद्ध और बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित