महराजगंज , अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश में महराजगंज के नवीन मंडी परिसर में सेवा संकल्प 2026 अभियान के तहत लाभार्थियों में लैपटाप, बेबी किट और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' रहे।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के तौर पर 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से एक माह तक सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी आम जनमानस तक पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रमुख उद्देश्य गरीबों, वंचितों, पिछड़ों तथा सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले लोगों सहित समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों से प्रेरणा लेकर सरकार आमजन के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से पात्र व्यक्तियों को सहायता मिल रही है और देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पहुंचाने पर बल दिया। समारोह के दौरान जिला प्रोबेशन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत वर्ष 2019 में माता-पिता की असामयिक मृत्यु के कारण प्रभावित एवं आश्रित 50 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए, जिससे उनकी शिक्षा एवं डिजिटल अध्ययन को बढ़ावा मिल सके। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्म उत्सव के अवसर पर 15 लाभार्थियों को बेबी किट प्रदान की गईं।

वहीं, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 14 लाभार्थियों को बैटरी चालित साइकिल तथा 20 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों की आवागमन संबंधी सुविधा तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी। इसी क्रम में जिला उद्योग केंद्र द्वारा छह लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं तथा उद्योग स्थापना के लिए ऋण स्वीकृति संबंधी सहायता प्रदान की गई। इन प्रयासों का उद्देश्य पात्र लोगों को शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सुगम आवागमन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने जनकल्याणकारी योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, पीडी रामदरश चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी दिव्यांगजन अधिकारी अभय पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित