शिवहर , अक्टूबर 26 -- शिवहर की जिला पदाधिकारी (डीएम) प्रतिभा रानी ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अगले दो दिनों के भीतर लंबित कार्यों की शत-प्रतिशत तकनीकी स्वीकृति सुनिश्चित करने का निर्देश दिए हैं।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान के तहत चल रहे कार्यों और लंबित तकनीकी स्वीकृतियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक (लेखा), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, नगर प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया और मानकों का पालन करते हुए दो दिनों के भीतर लंबित तकनीकी स्वीकृतियों का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय समन्वय और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें। अभियान की प्रभावी प्रगति के लिए विभागीय और तकनीकी अधिकारियों के बीच नियमित समन्वय आवश्यक है।

श्रीमती रानी ने कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने मरम्मत, जीर्णोद्धार और अन्य कायाकल्प कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा स्वीकृत प्राक्कलन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही, शिथिलता और अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित