वाराणसी , सितंबर 12 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को वाराणसी में 'सेवा संकल्प अभियान' का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। अभियान के प्रथम दिन जिले में वृहद रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी।

सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को निर्देश दिया कि रक्तदान से पूर्व प्रत्येक डोनर के वजन, रक्तचाप सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच निर्धारित मानकों के अनुसार अनिवार्य रूप से की जाए। पात्र पाए जाने वाले डोनर से ही रक्तदान कराया जाए तथा शिविर के दौरान निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी रक्तदान स्थलों पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने तथा शिविर में तैनात कार्मिकों को निर्धारित ड्रेस में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। रक्तदान के बाद सभी डोनरों को रिफ्रेशमेंट के साथ रक्तदान प्रमाणपत्र तत्काल उपलब्ध कराने को भी कहा।

डॉ. सिंह ने जनपदवासियों से स्वेच्छा से रक्तदान कर अभियान में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिकों द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय, चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन सिंह, औषधि निरीक्षक जुबान अली सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी ब्लड बैंकों तथा चिकित्सा संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन, डोनरों की सुविधा और चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित