रायपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होना सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की ऐतिहासिक यात्रा है तथा पूरा देश विकसित भारत के संकल्प का साक्षी बन रहा है।
श्री साय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह अभियान उन करोड़ों परिवारों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत छत्तीसगढ़ के 25.51 लाख किसानों को अब तक 11,277 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे खातों में मिली है। उज्ज्वला योजना से 39.54 लाख महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 41.50 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचा है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से 6,691 जनजातीय गांवों के विकास तथा पीएम जनमन योजना से 56 हजार से अधिक पीवीटीजी परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं।
श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास निर्मित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से देश के 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है तथा पिछले एक दशक में लगभग 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के मुद्दे पर कहा कि धारा 370 की समाप्ति, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर राजनीतिक नेतृत्व की दृढ़ संकल्प शक्ति के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता से शांति का नया दौर शुरू हुआ है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम सात बजे "आशीर्वाद का दीया" कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशवासियों से अपने घरों में एक दीप प्रज्ज्वलित करने का आग्रह किया गया है। अभियान में लगभग 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा ड्राइंग, भाषण, रंगोली, नुक्कड़ नाटक, आंगन मिलन सेवा, सेवा सेतु शिविर, जल संरक्षण, रक्तदान, वृक्षारोपण और सेवा संकल्प यात्रा जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का समापन 17 अक्टूबर को "सुशासन सेवा संवाद" के साथ होगा, जिसमें पंचायत से संसद तक जनसेवा और सुशासन के अनुभव साझा किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान किया।
पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित