पौड़ी , अक्टूबर 02 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बच्चों और किशोरियों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, कुपोषित बच्चों को पोषण किट और महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। साथ ही स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों के माध्यम से संतुलित आहार का महत्व बताया गया।
अगरोड़ा आंगन मिलन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कनिष्ठ प्रमुख, ग्राम प्रधान नौली-बूंगा और ग्राम प्रधान ध्वेली बिष्ट सहित आशा कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान दो महिलाओं की गोद भराई की गई और दो कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित की गईं। पांच बालिकाओं को टी-शर्ट प्रदान की गईं। वहीं, पोषण माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय व्यंजन तैयार कर उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने विभागीय योजनाओं और पोषण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की।
इसी क्रम में आमकाटल, बुकंडी प्रथम और वीरकाटल के आंगनबाड़ी केंद्रों में भी आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें ग्राम प्रधानों, वार्ड सदस्यों, आशा कार्यकर्ताओं, किशोरियों, बच्चों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित