चंडीगढ़ , सितंबर 13 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सामाजिक संस्थाओं से ''सेवा संकल्प अभियान'' से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक संस्थाओं और आमजन की भागीदारी से ही संभव है।

डॉ गुप्ता ने अंबाला में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 के सेमिनार में कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए सोशल मॉनिटरिंग और नैतिक समर्थन जरूरी है। परिवार, शिक्षक और सामाजिक संस्थाएं युवाओं के व्यवहार में बदलाव को समय रहते पहचानकर उन्हें सही मार्गदर्शन दें।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा की प्रेरणा देता है। युवाओं को सकारात्मक रोल मॉडल से जोड़कर उन्हें नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर किया जा सकता है।

उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन और नशामुक्ति जागरूकता जैसे कार्यों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 के 140 क्लब 25 सितंबर को हरियाणा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश उत्तराखंड और चंडीगढ़ में रक्तदान शिविर लगाएंगे। इनमें 6000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है।

डॉ. गुप्ता ने रोटेरियन की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जनसेवा का हर प्रयास आमजन के हित में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित