रायपुर , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 25 लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने आज यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कल रात मरीन ड्राइव स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के साथ ही सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता प्रस्तावित है। नागरिकों से भी दीप लेकर कार्यक्रम में शामिल होने और 'सशक्त रायपुर, सशक्त छत्तीसगढ़ और सशक्त भारत' के लिए एक दीप प्रज्वलित करने की अपील की गई है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी (जोन मध्य) तारकेश्वर पटेल, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, संयुक्त संचालक जनसंपर्क पवन गुप्ता, एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला और एसडीएम रायपुर नंदकुमार चौबे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित