चंडीगढ़ , सितंबर 10 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने वीरवार को चंडीगढ़ प्रवास के दौरान हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से भेंट की। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान, युवाओं की सक्रिय सहभागिता, विश्वविद्यालयों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर चर्चा हुई। अभियान में प्रदेश के युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला भी हैं। युवाओं में सेवा भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना मजबूत करना समय की आवश्यकता है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना महत्वपूर्ण पहल होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित