ग्रेटर नोएडा , सितंबर 14 -- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

प्रभारी मंत्री ने आज अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल विभागीय कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनअभियान का स्वरूप प्रदान किया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय एवं सहयोग प्राप्त करते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने प्रमुख शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने और उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में अभियान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराकर विद्यार्थियों और युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया। संस्कृति विभाग को कलाकारों के कार्यक्रमों के लिए स्थान एवं तिथियों का समय से निर्धारण करने के निर्देश दिए गए।

जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में रंगोली कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत-2047 एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री ने सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। 'सेवा की कहानी' कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव एवं सफलता की कहानियों को वीडियो, फोटो और डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

अभियान से संबंधित कार्यक्रमों की फोटो एवं वीडियो विभागीय पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने को कहा गया। 'सेवा मेरा योगदान' प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में जनपद से प्रतिभाग करने वाले लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

'सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प' को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों एवं तीनों प्राधिकरणों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि यात्रा के माध्यम से सेवा एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इसमें जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

स्वच्छता कार्यक्रमों में भी जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। जनसामान्य, अधिकारी, कर्मचारी, युवा एवं सामाजिक संगठन श्रमदान में सहभागी बनेंगे। स्वच्छता अभियान के प्रभाव को प्रदर्शित करने के लिए अभियान से पूर्व एवं पश्चात की स्थिति के फोटो एवं वीडियो तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।

अभियान के समापन अवसर पर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करते हुए सेवा संकल्प अभियान को व्यापक एवं प्रभावी जनअभियान बनाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित