पंचकूला , सितंबर 19 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वच्छता संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत माता मनसा देवी मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने आमजन से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने और इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

मंत्री ने मंदिर के मुख्य द्वार के समीप मार्केट में स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की और एकत्रित कचरे को डस्टबिन में डाला। इस अवसर पर मेयर शाम लाल बंसल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीबी भारती, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्या, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लतिका शर्मा ने भी श्रमदान किया।

पंवार ने अधिकारियों को पूरे माता मनसा देवी मंदिर परिसर की विशेष अभियान चलाकर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही पंचकूला जिले के सभी गांवों में एक साथ व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित