भोपाल , सितंबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर प्रदेश स्तरीय टोली, विभिन्न कार्यक्रमों की प्रदेश स्तरीय टोलियों एवं संभाग प्रभारियों की बैठक को संबोधित किया।

श्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिवस पर 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत सेवा कार्यों एवं दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ होगी और इसका समापन 17 अक्टूबर को होगा। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सुशासन और जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का यह अवसर है। 25 वर्षों की उपलब्धियों को अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य है, ताकि लोगों तक सरकार के कार्यों की जानकारी पहुंचने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ भी मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्य की प्रकृति के अनुरूप बेहतर परिणाम के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने को कहा।

उन्होंने कहा कि हर बूथ पर ध्यान देकर सभी 12 कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से चर्चा कर आगे बढ़ना है। प्रत्येक कार्यक्रम को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए उसे प्रभावी रूप से जमीनी स्तर तक ले जाना है। कार्यक्रमों की योजना से लेकर क्रियान्वयन तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ सरकार और संगठन के बीच निरंतर संवाद एवं बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के लिए काम और काम के लिए उपयुक्त व्यक्ति की तलाश करना संगठन की विशेषता है। प्रत्येक कार्य की प्रकृति और आवश्यकता को समझते हुए प्राथमिकता तय कर कार्य किया जाना चाहिए। कार्य की आवश्यकता, उपयोगिता और परिणाम को ध्यान में रखते हुए उसकी योजना बनाई जाए तथा व्यवस्थाएं पुख्ता की जाएं। बेहतर योजना, मजबूत व्यवस्था और निरंतर निगरानी के माध्यम से कार्यों को प्रभावी बनाया जा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सेवा, सुशासन और जनकल्याण का माध्यम बनाकर देश के विकास को नई दिशा दी है। 'सेवा संकल्प अभियान' इसी विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने का माध्यम बनेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा का मूल मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' है। सेवा से संगठन, संगठन से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण ही 'सेवा संकल्प अभियान' की मूल भावना है।

उन्होंने कहा कि अगले एक माह तक संगठन की पूरी शक्ति निर्धारित कार्यक्रमों की सफलता में लगानी है। कार्यक्रमों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी प्रभावशीलता, गुणवत्ता और जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। अभियान का उद्देश्य केवल अधिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना और समाज के जरूरतमंद वर्ग तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा के संकल्प को अपनी जिम्मेदारी मानकर कार्य करे तथा प्रधानमंत्री के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए। बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला भी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक राहुल कोठारी ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित