चित्रकूट , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल, जन एवं सेवा संकल्प की भावना के साथ बड़नगर से वाराणसी तथा वाराणसी से बड़नगर के मध्य आयोजित कलश यात्रा का आज जनपद मे आगमन हुआ।

विकासखंड मऊ के मुर्का में यात्रा के पहुंचने पर जिला भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास मिश्रा, अमित द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा कलश यात्रा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इसके पश्चात कलश यात्रा ग्राम पंचायत खोहर एव छिवलहा पहुंची, जहां विधिवत आरती एवं पूजन-अर्चन कर यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में वक्ताओं ने सेवा, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में कहा गया कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार द्वारा निरंतर विकास एवं जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है। देश में सड़क एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से आवागमन की सुविधाओं में सुधार हुआ है। महिलाओं के सशक्तीकरण एवं उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। कहा कि यह सरकार सभी को बराबरी का हक दिलाने के लिए प्रयासरत है।।

बताते चलें कि इस कलश यात्रा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की 10 प्रमुख नदियों का पवित्र जल लेकर 10 टोलियों के माध्यम से काशी से बड़नगर तथा गुजरात के बड़नगर से काशी तक यात्रा करना है। प्रत्येक टोली में 50 युवा शामिल हैं। पवित्र जल के आदान-प्रदान के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि एवं कर्मभूमि को आपसी भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ने के साथ ही यात्रा मार्ग में पड़ने वाले ग्रामों में सेवा, विकास एवं जनकल्याण के विषयों पर सहज संवाद स्थापित करना यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

कलश यात्रा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई तथा यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित