जयपुर , सितंबर 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन सत्रह सितंबर से भारतीय जनता पार्टी देश -प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाएगीश्री भजनलाल ने इसे जनभागीदारी का महाअभियान बताते हुए कहा है कि इसके तहत होने वाले 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम में समाज में बदलाव के लिए सेवा कार्य किए जाएंगे और इसमें प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में आये सकारात्मक बदलाव को दिखाया जाएगा । श्री मोदी के सेवा संकल्पों से प्रेरणा लेकर राजस्थान भी सेवा, सुशासन और विकास की अपनी यात्रा को नई गति देगा।
श्री शर्मा ने रविवार को यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि श्री मोदी ने देश को 25 साल सेवा, सुशासन और जनकल्याण के तौर पर दिए है। प्रधानमंत्री अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते है। ऐसे में भाजपा देश प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान के तहत 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक विविध प्रकल्पों के माध्यम से आमजन तक श्री मोदी की जनहितैषी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी का राजस्थान से विशेष लगाव रहा है, गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी बिना मांग के उन्होंने राजस्थान को नर्मदा का पानी देने का कार्य किया था और इसे देखते हुए हम उनका जन्मदिन सेवा संकल्प अभियान के तौर पर वृहद स्तर पर मनाएंगे।
श्री शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का आगाज 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से किया जाएगा। इस दिन शाम को सात बजे सभी एक दीया जलायेंगे। इसके बाद 'मेरे सपनों का भारत' चित्र सेवा, नमो सेवा अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे।
उन्होंने कहा कि 'मेरे सपनों का भारत' कार्यक्रम के दौरान स्कूली स्तर पर विकसित भारत संकल्प और 25 साल सेवा के विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें सरकार के शिक्षा विभाग से लेकर संगठन स्तर पर विभिन्न मोर्चा के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। इसके साथ अनकही कहानियां कार्यक्रम में राजस्थान के गांव गांव तक नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलावों की कहानियां को पहुंचा जाएंगा।
इसके अलावा आंगन मिलन सेवा अभियान में आंगनवाडी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया जाएगा। सेवा कहानी कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। सेवा ज्योति यात्रा में विकसित भारत के संकल्प को जन जन तक पहुंचाना है वहीं वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा में प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन यात्रा और देश की सांस्कृतिक एकता के भाव को अभिव्यक्त किया जाएगा। इसमें विभिन्न टोलियां वडनगर से वाराणसी के बीच यात्रा करेगी और विभिन्न मार्गों से होते हुए जल कलश से शिव का अभिषेक किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित