रायपुर , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप, एमएसएमई और नवाचारकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज-2026' आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 50 विजेताओं को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता के लिए कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार चैलेंज का उद्देश्य समाज और शासन से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के नवाचार आधारित समाधान सामने लाना तथा प्रदेश की प्रतिभाओं और नए विचारों को मंच प्रदान करना है। इसमें कृषि, कानून एवं व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, अधोसंरचना एवं मोबिलिटी, स्थिरता एवं जलवायु, उभरती तकनीक तथा शिक्षा एवं रोजगार सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों में समाधान आमंत्रित किए गए हैं।
प्रत्येक क्षेत्र से पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इनमें तीन विजेता सभी के लिए खुली श्रेणी, एक महिला श्रेणी और एक 21 वर्ष से कम आयु की श्रेणी से होगा। इस प्रकार 10 क्षेत्रों से कुल 50 विजेताओं का चयन किया जाएगा।
चयनित नवाचारकर्ताओं को पुरस्कार राशि के साथ विशेषज्ञों, उद्योगों, शासकीय विभागों और निवेशकों से जुड़ने का अवसर भी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य उनके विचारों को व्यावहारिक स्तर पर लागू करने और प्रभावी समाधान के रूप में विकसित करने में सहायता करना है।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी, शोधकर्ता, स्टार्टअप, एमएसएमई और नवाचारकर्ता हिस्सा ले सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू किए गए इस चैलेंज के माध्यम से युवा प्रतिभाओं और नवाचारकर्ताओं को समाज एवं शासन से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित