फिरोजाबाद , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त फौजी को डिजिटल अरेस्ट कर दो लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने सेना में तैनात बेटे को दुष्कर्म के मामले में फंसाने का डर दिखाकर रुपये वसूले। पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार थाना टूंडला क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार नरोत्तम सिंह के मोबाइल पर सोमवार को व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को जोधपुर पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका बेटा राहुल सिंह, जो सेना के केसी ऑफिस में तैनात है, अपने दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में हिरासत में है। मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपी ने साढ़े चार लाख रुपये की मांग की।
साइबर ठग ने नरोत्तम सिंह को फोन काटने नहीं दिया और उन्हें फोन पर उनके बेटे की आवाज भी सुनाई, जिससे वह घबरा गए। बेटे को बचाने के लिए उन्होंने अपनी बेटी, दामाद और अन्य रिश्तेदारों की मदद से दिए गए क्यूआर कोड पर दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद शेष रकम की व्यवस्था के लिए जब नरोत्तम सिंह बैंक पहुंचे तो बैंक मैनेजर को संदेह हुआ। पूरी जानकारी मिलने पर बैंक मैनेजर ने तत्काल साइबर ठगी की आशंका जताते हुए खाते पर रोक लगा दी। बाद में परिजनों ने जोधपुर में बेटे की पत्नी से संपर्क किया, जिसने बताया कि वहां सब कुछ सामान्य है और राहुल ड्यूटी पर गया है। तब पीड़ित को साइबर ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद नरोत्तम सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ठगों की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित