रायपुर , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को अधिकारियों को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के प्रकरणों का उनकी सेवानिवृत्ति से पहले निराकरण सुनिश्चित करने और विभिन्न विभागों में रिक्त एवं बैकलॉग पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक में विभागीय योजनाओं और महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रकरणों के समय पर निपटारे के लिए विभागवार नियतकालिक सूची तैयार करने को कहा।

बैठक में विभागों के रिक्त एवं बैकलॉग पदों के लिए सेटअप तैयार कर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों-कर्मचारियों को आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभाग की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण दिलाने को कहा। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के लिए प्रतिमाह एक से तीन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य किया गया है।

बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन और ग्रामीण विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक करीब 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।

मुख्य सचिव ने आगामी 'रिफॉर्म उत्सव अभियान' के लिए विभागों में किए गए सुधारों की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय के 'मेरा युवा भारत' पोर्टल पर राज्य के स्कूलों और कॉलेजों के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित