पटना , जुलाई 25 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि राज्य की जनता ने जो भरोसा जताया है, उनके कल्याण तथा सपने को पूरा करने के लिये काम करते रहेंगे।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज अपनी सरकार के सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर बीआईटी मेसरा, पटना परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह सरकार बिहार की जनता की सरकार है, और वह उनके सेवक हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जो भरोसा जताया है, उनके कल्याण तथा सपने को पूरा करने के लिये काम करते रहेंगे। इन 100 दिनों का प्रत्येक निर्णय जनहित, सुशासन तथा बिहार के सर्वांगीण विकास को समर्पित रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिये सरकार संकल्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार ने विकास की नई गति प्राप्त की है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, निवेश और आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर विकसित बिहार की मजबूत नींव रखी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 करोड़ बिहारवासी कैसे आत्मनिर्भर हों, बिहार विकसित राज्य बने इसके सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कहा कि आज राज्य के विकास के लिए 11,464 करोड़ रुपये की लागत से 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, उद्योग, पेयजल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और राज्य के संतुलित एवं समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित