ऋषिकेश , जुलाई, 21 -- उत्तराखंड में देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे बने सेल्फी प्वाइंट पर मंगलवार को एक युवक गहरी खाई में गिर गया। समय रहते सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विषम परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के दौरान स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे एक युवक सड़क किनारे संतुलन खोकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई और स्ट्रेचर की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकालते हुए नदी मार्ग से एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा गया।
घायल की पहचान मोहित आर्या (20) निवासी बेतालघाट, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। खाई के किनारे संतुलन बिगड़ने से वह नीचे जा गिरा, जिससे वह घायल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित