बैतूल , मई 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र स्थित सेल्टिया जलाशय में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई शिव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में बोरदेही पुलिस ने मामले की जांच की।

जानकारी के अनुसार 15 मई को ग्राम कारोपानी के समीप सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम बट्टी मौके पर पहुंचे तो शव पानी में औंधे मुंह एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबा मिला। मृतक के सिर, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

मृतक की पहचान राजू उईके (22) निवासी ढाकरवाड़ी थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और गंभीर चोटों के कारण मौत की पुष्टि हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित