बैतूल , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में 24 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र का शव शनिवार रात घर में फंदे से लटका मिला। घटना भगतसिंह वार्ड की है। बताया गया है कि परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान छात्र ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अंकित इवनाती (24) के रूप में हुई है। वह जबलपुर में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक उसका एक सेमेस्टर पूरा नहीं हो पाया था, जिसके कारण वह तनाव में था। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या का एकमात्र कारण था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

शनिवार रात परिवार के सदस्य घर लौटे तो अंकित का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि अंकित के पिता अरुण इवनाती सेना में हैं। शुक्रवार को परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान घटना होने की आशंका है। अंकित की बहन अंकिता नर्सिंग की ज्वाइनिंग के लिए भोपाल गई हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित