हमीरपुर , जून 30 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में सेमेस्टर परीक्षा में अपेक्षा से कम अंक आने से आहत बीटीसी की एक छात्रा ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौदहा क्षेत्र के करहिया गांव निवासी मुन्नीलाल सोनी की संध्या (27) कानपुर में रहकर बीटीसी की पढ़ाई कर रही थी। बताया गया है कि हाल ही में घोषित सेमेस्टर परीक्षा परिणाम में कम अंक आने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और पिछले कुछ दिनों से गुमसुम रहती थी।
परिजनों के अनुसार मंगलवार को उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद करीब ढाई घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित