भोपाल , सितंबर 06 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गति देने के लिए मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में अत्याधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि मध्यप्रदेश देश के उभरते सेमीकंडक्टर तंत्र का महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक भारत के आत्मनिर्भर और विकसित भविष्य की आधारशिला है। देश में तकनीकी क्षेत्र में हो रहे बदलाव और विकास में मध्यप्रदेश भी सहभागी बन रहा है। सेमीकंडक्टर इंडिया कार्यक्रम 2.0 में मध्यप्रदेश अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा छह राज्यों में 12 सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने के बाद इस क्षेत्र में देश की गति तेज हुई है। मध्यप्रदेश अपनी नीतिगत पहल, निवेश-अनुकूल वातावरण और औद्योगिक क्षमता के माध्यम से इस राष्ट्रीय अभियान को नई ऊंचाई देगा।
उल्लेखनीय है कि इंदौर में आगामी 23 और 24 अक्टूबर को 'एमपी सेमीकंडक्टर समिट-2026' का आयोजन किया जाएगा। समिट में देश-विदेश के निवेशक, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति-निर्माता एक मंच पर जुटेंगे। इसमें प्रदेश में मजबूत सेमीकंडक्टर तंत्र विकसित करने, निवेश की संभावनाओं, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित