गांधीनगर , फरवरी 27 -- गुजरात के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढडिया ने शुक्रवार को यहां कहा कि गुजरात भी सेमीकंडक्टर उत्पादन केक्षेत्र में देश का हब बनने जा रहा है। राज्य में 1.24 लाख करोड़ रुपये अनुमानित लागत की सेमीकंडक्टर परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

श्री मोढवाडिया ने कहा कि गुजरात भारत के अग्रणी सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभर रहा है, जो भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन और रणनीतिक टेक्नोलॉजी आधार को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अंतर्गत, आगामी एक और दो मार्च को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में 'गुजरात सेमीकनेक्ट कॉन्फ्रेंस 2026' का आयोजन होगा।

उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि गुजरात को मेमोरी पैकेजिंग और उन्नत सेमीकंडक्टर उत्पादन के लिए एक मुख्य केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। गुजरात सेमीकनेक्ट 2026 का आयोजन राज्य के फ्लैगशिप प्लेटफॉर्म के रूप में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वैश्विक और स्वदेशी सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स भागीदारों को एक मंच पर इकट्ठा करना है। इस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य हाई-टेक चिप विनिर्माताओं, सप्लाई चेन भागीदारों और स्थानीय उद्योगोंके बीच रणनीतिक सहयोग को सक्षम बनाकर गुजरात में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के दीर्घकालिक विकास को मजबूत करना है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा कि इस वैश्विक कॉन्फ्रेंस का तीसरा संस्करण सेमीकनेक्ट 2024 और 2025 की मजबूत गति पर आधारित है, जिसने सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन के प्रमुख हितधारकों- फैब्स, फाउंड्रीज, मुख्य उपकरण और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं एवं अग्रणी डिजाइन इकोसिस्टम भागीदारों को सफलतापूर्वक एक मंच पर इकट्ठा किया था। पहले के संस्करणों ने एकीकृत बी2बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) और बी2जी (बिजनेस- टू-गवर्नमेंट) बैठकों, टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी और विषय-आधारित सत्रों के माध्यम से निवेश प्रोत्साहन, आपूर्ति श्रृंखला विकास, नवाचार और प्रतिभा निर्माण में सार्थक साझेदारियों को सक्षम बनाया था।

उन्होंने कहा कि कॉन्फ्रेंस को वैश्विक और राष्ट्रीय ज्ञान भागीदारों का मजबूत समर्थन मिला है, जिनमें सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट एंड मैटेरियल्स इंटरनेशनल (सेमी), जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जेट्रो-जापान), कोरिया व्यापार-निवेश संवर्धन एजेंसी (कोटरा- कोरिया), इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम), इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ईएलसीआईएनए), इंडिया सेल्यूलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (आईसीईए), मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइसेज एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (एमईडीईपीसी) और इन्वेस्ट इंडिया शामिल हैं।

इस कॉन्फ्रेंस में यू योशिदा सेन (डीजी, जेट्रो, अहमदाबाद), किम (निदेशक, कोटरा, अहमदाबाद) और होमर चांग (डीजी, टीईसीसी, मुंबई) भी मौजूद रहेंगे। गुजरात सेमीकनेक्ट 2026 राज्य में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इस कॉन्फ्रेंस के लिए अब तक आठ से अधिक देशों से उद्योग प्रतिनिधियों, विदेशी संस्थानों, अनुसंधानकर्ताओं, नवोन्मेषकों, निवेशकों और विद्यार्थियों सहित 2500 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्य निवेशकों की उपस्थिति भी रहेगी, जिनमें टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के डॉ. रणधीर ठाकुर, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा, सीजी सेमी के जी.सी. चतुर्वेदी, केन्स सेमीकॉन के रमेश कुन्हीकन्नन और वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग, उपकरण निर्माताओं एवं सप्लाई चेन का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट एंड मैटेरियल्स इंटरनेशनल (सेमी) के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजित मनोचा शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित