कपूरथला , जुलाई 30 -- पंजाब में कपूरथला के उपायुक्त आकाश बंसल के निर्देशों पर जिले में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत स्कूल बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव ढांडा के नेतृत्व में गठित टीम ने कुल 19 स्कूल बसों की जांच की, जिनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच बसों के चालान काटे गये।

जांच अभियान में आरटीओ कपूरथला हरकरम सिंह, जिला बाल सुरक्षा इकाई के अधिकारी रमनप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह, ट्रैफिक इंचार्ज रेशम सिंह तथा पुलिस विभाग के एएसआई सुरजीत सिंह शामिल रहे।

अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिये कि सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए बसों में महिला अटेंडेंट की नियुक्ति, सीसीटीवी कैमरे, चालक और स्टाफ का आपराधिक रिकॉर्ड न होना, वाहनों में निर्धारित स्पीड लिमिट, फर्स्ट एड किट और अग्निशमन यंत्र का कार्यशील स्थिति में होना अनिवार्य है।

प्रशासन ने चेतावनी दी कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों और बच्चों के परिवहन में लगे व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ और अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित