बैतूल , जून 25 -- मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान 'सेफ क्लिक-2.0' के तहत बैतूल जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के निर्देशन में झल्लार, आमला, गंज, सारणी, शाहपुर और मोहदा थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने विद्यालयों में पहुंचकर साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक, एपीके स्कैम, डिजिटल अरेस्ट तथा सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने से बचने और फर्जी एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई। विद्यार्थियों से किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और विद्यार्थियों से अपने परिवार तथा समाज में भी साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधियों का निशाना केवल व्यक्ति नहीं बल्कि पूरा परिवार बन रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने जिलेवासियों से 'सेफ क्लिक-2.0' अभियान से जुड़कर साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। अभियान के तहत आगामी दिनों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बैंकिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित