बांका , अगस्त 05 -- बिहार के बांका जिले में सदर थाना क्षेत्र के ईदगाह रोड स्थित एक मकान के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई तथा उसका भाई बीमार हो गया।पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए केबलडीह गांव निवासी दो भाई, त्रिलोचन कुमार और सोनू कुमार, टैंक में उतरे थे। इस दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण त्रिलोचन कुमार का दम घुट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने के प्रयास में सोनू कुमार भी गैस की चपेट में आ गया।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल, बांका पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने त्रिलोचन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू कुमार का इलाज चल रहा है।

सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित