डकार , मई 23 -- पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दियोमाये फे ने प्रधानमंत्री ओस्मान सोन्को को उनके पद से बर्खास्त कर दिया और कैबिनेट भंग कर दी है।
श्री फे ने सरकारी टेलीविजन पर इसकी जानकारी दी। अचानक से लिये गये इस फैसले ने पहले से ही भारी कर्ज संकट से जूझ रहे इस देश में गहरा राजनीतिक संकट खड़ा कर दिया है।
यह पूरा घटनाक्रम बेहद अप्रत्याशित और विरोधाभासी है, क्योंकि राष्ट्रपति बासिरू दियोमाये फे को सत्ता के इस शीर्ष मुकाम तक पहुंचाने वाले खुद ओस्मान सोन्को ही थे।
श्री सोन्को, जो अफ़्रीकी एकता और फ्रांस-विरोधी बयानबाजी के कारण सेनेगल के युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। वर्ष 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराये जाने के कारण खुद चुनाव नहीं लड़ पाये थे। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी 'पास्तेफ' से अपने सबसे करीबी सहयोगी और राजनीतिक शिष्य श्री बासिरू दियोमाये फे को आगे बढ़ाया था। तब दोनों नेताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ और मौजूदा व्यवस्था को पूरी तरह बदलने के वादे पर पहले ही दौर में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी।
जीत के बाद श्री फे ने श्री सोन्को को देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया, लेकिन जल्द ही दोनों के बीच सत्ता और नियंत्रण को लेकर परदे के पीछे खींचतान शुरू हो गयी। गठबंधन के नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ कर्ज पुनर्गठन की बातचीत को लेकर दोनों के बीच सार्वजनिक मतभेद खुलकर सामने आने लगे थे। इसने अंतरराष्ट्रीय बांड बाजारों को भी हिलाकर रख दिया था।
दोनों नेताओं के बीच तनाव तब और बढ़ गया, जब प्रधानमंत्री सोन्को ने आलोचकों के सामने अपना बचाव न करने को लेकर राष्ट्रपति पर 'नेतृत्व की विफलता' का सरेआम आरोप मढ़ दिया। इसके जवाब में राष्ट्रपति फे ने एक टीवी इंटरव्यू में राजनीतिक आंदोलन को किसी एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द केंद्रित करने के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी थी और श्री सोन्को को याद दिलाया था कि समर्थकों ने यह बलिदान किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि एक सामूहिक लक्ष्य के लिए दिया है।
हाल ही में देश के चुनावी नियमों में किये गये कुछ बदलावों के बाद यह माना जा रहा है कि श्री ओस्मान सोन्को साल 2029 के अगले राष्ट्रपति चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, राष्ट्रपति फे ने इस औचक बर्खास्तगी के जरिये यह पूरी तरह साफ कर दिया है कि फिलहाल देश की वास्तविक कमान उन्हीं के हाथों में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित