बैतूल , जून 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के ग्राम दनोरा निवासी किसान परिवार के युवा अवध पवार का मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षा के माध्यम से फूड ऑफिसर पद पर चयन हुआ है। सेना में 17 वर्ष तक सेवा देने के बाद हासिल की गई उनकी यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय बनी है।

अवध पवार किसान शेषराव पवार के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बीच पले-बढ़े अवध ने 17 वर्ष की आयु में भारतीय सेना की महार रेजिमेंट में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की और 17 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए।

सेना से लौटने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित किया। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने परिवार के साथ खेती-किसानी की, साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचकर परिवार की आय में सहयोग किया तथा स्वाध्याय के माध्यम से तैयारी जारी रखी।

तैयारी के दौरान उनका चयन पटवारी तथा जल संसाधन विभाग में भी हुआ, लेकिन उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं बदला और अंततः एमपीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए फूड ऑफिसर पद पर चयनित हुए।

अवध पवार ने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और सतत प्रयास से कठिन परिस्थितियों पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है। उनकी सफलता पर परिवार, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित