लखनऊ , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश एसटीएफ को सेना में भर्ती कराने के नाम पर नवयुवकों से ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने आरोपी को लखनऊ के कैन्ट थाना क्षेत्र में उस्मान चौक और सदर के बीच से गिरफ्तार किया है।
एक दिन पूर्व मंगलवार को गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आलोक तिवारी पुत्र वेद प्रकाश निवासी भोगपुर निगोह, थाना विशुनगढ़, छिबरामऊ, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। आरोपी फर्जी नाम आकाश कुमार पुत्र यादराम निवासी गोवा सतौरा, कन्नौज के नाम से युवकों को धोखा देता था।
एसटीएफ ने आरोपी के पास से पांच मूल अंकपत्र, एक फर्जी आधार कार्ड, एक असली आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड और 1430 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसटीएफ के मुताबिक पिछले कुछ समय से लखनऊ और आसपास के जिलों में सेना में भर्ती कराने के नाम पर युवकों से ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह के निर्देशन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सेना भर्ती केंद्र के आसपास घूमकर ऐसे युवकों को चिन्हित करता था, जो मेडिकल टेस्ट में असफल हो जाते थे। इसके बाद वह उन्हें मेडिकल पास कराने का झांसा देकर एक से डेढ़ लाख रुपये तक वसूलता था। आरोपी युवकों की मूल मार्कशीट अपने पास रख लेता था, ताकि वे बिना पैसे दिए वापस न जा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित