कानपुर , अप्रैल 18 -- कानपुर नगर की चकेरी थाना पुलिस ने सेना में खेल कोटे से नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कई फर्जी दस्तावेज, पहचान पत्र, मुहरें, वर्दी से जुड़े फोटो तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है। अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अंजली विश्वकर्मा ने शनिवार को यहां पत्रकारों को बताया कि आरोपी सेना में खेल कोटे से भर्ती कराने के नाम पर लोगों को झांसा देता था और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रुपये वसूलता था। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चकेरी में 17 अप्रैल को मुकदमा संख्या 248/26 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 168, 204, 341(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 अप्रैल को आरोपी शिवम यादव उर्फ कुणाल सिंह यादव पुत्र ब्रह्मानंद यादव निवासी ग्राम पिपरही, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर को नौबस्ता जाने वाले अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी स्वयं को सेना में नायब सूबेदार बताता था और फर्जी तरीके से सेना की वर्दी पहनकर लोगों का विश्वास जीतता था। वह रेसलिंग एसोसिएशन से प्रमाण पत्र जारी कराने तथा सेना में खेल कोटे से नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करता था।

अभियुक्त के पास से छह एटीएम कार्ड, एक एसबीआई पासबुक, पैन कार्ड, पांच आईडी कार्ड, कैंटीन कार्ड, डिपेंडेंट कार्ड, चार मुहरें, एक इंक पैड, दो मेडल, 44 फोटो, तीन सेट फोटो कॉपी प्रपत्र तथा 20 वर्दी पहने हुए फोटो बरामद किए गए हैंसेना में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, कूटरचित दस्तावेज बरामद किये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित