नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने गुरुवार को सेना की प्रमुख और रणनीतिक गजराज कोर का दौरा किया और वहां संचालन तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान कमांडरों ने उन्हें मौजूदा सुरक्षा स्थिति, क्षमता निर्माण की कोशिशों और इलाके में शांति तथा स्थिरता बनाए रखने के उपायों के बारे में जानकारी दी गयी। पूर्वी कमान के वरिष्ठ अधिकारियों ने सेना प्रमुख को कोर की संचालन तैयारी, सेना के आधुनिकीकरण और इलाके में सुरक्षा मजबूत करने के कदमों के बारे में बताया। जनरल सेठ ने बदलते संचालन माहौल में नयी सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए कोर की तैयारी की भी समीक्षा की।
सेना प्रमुख को बताया गया कि कोर सिविल प्रशासन और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ मिलकर काम कर रही है। इसमें विकास के कार्य, सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम और स्थानीय अधिकारियों को लगातार मदद देना शामिल है।
कोर की भूमिका की तारीफ करते हुए, जनरल सेठ ने असम और मेघालय में आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में इसके योगदान की सराहना की। उन्होंने आपदा राहत और मानवीय सहायता अभियानों के दौरान कोर की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को भी सराहा। सैनिकों से बातचीत करते हुए सेना प्रमुख ने उनके पेशेवर अंदाज, समर्पण और ऊंचे हौसले की तारीफ की। उन्होंने संचालन क्षमता बढ़ाने के लिए कोर के नए तरीकों और नई प्रौद्योगिकी को प्रभावी ढंग से अपनाने की भी सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित