नयी दिल्ली , जून 10 -- सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बुधवार को उत्तरी कमान का दौरा किया और वहां संचालन तैयारी, क्षमता विकास और आधुनिकीकरण की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बदलते सुरक्षा माहौल के बीच सेना के युद्ध के लिए तैयार रहने पर जोर दिया। जनरल द्विवेदी को कमान के कई क्षेत्रों में एक साथ सैन्य कार्रवाई (मल्टी-डोमेन ऑपरेशन) , प्रौद्योगिकी को अपनाने की कोशिशों, अवसंरचना के विकास और सैन्य अभियानों के सभी स्तरों पर युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार रहने के बारे में जानकारी दी गई।

सेना प्रमुख ने हाइब्रिड तरीके से उत्तरी कमान मुख्यालय और अलग-अलग फॉर्मेशन हेडक्वार्टर के अधिकारियों से बातचीत भी की। बातचीत के दौरान, उन्होंने तेजी से बदलती और जटिल सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए नयी प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने और नवाचार को बढ़ावा देने की अहमियत पर जोर दिया। जनरल द्विवेदी ने लगातार बदलाव और क्षमता बढ़ाने की जरूरत पर जोर देते हुए सेना की संचालन ताकत को मजबूत करने और भविष्य के संघर्षों के लिए तैयारी सुनिश्चित करने में प्रौद्योगिकी की भूमिका का उल्लेख किया।

सेना प्रमुख ने आधुनिकीकरण, अवसंरचना को बेहतर बनाने और संचालन रणनीति तथा उसे लागू करने में उन्नत प्रौद्योगिकी को शामिल करने जैसे अहम पहलुओं पर ध्यान दिया । यह सेना की खुद को भविष्य के लिए तैयार सेना में बदलने की लगातार कोशिशों को दिखाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित