ईटानगर , जनवरी 27 -- भारतीय सेना ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के ऐतिहासिक तवांग युद्ध स्मारक में 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का सफल आयोजन किया।
तवांग ब्रिगेड की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 15 से 26 जनवरी तक चला। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय गीत की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश के स्वतंत्रता संग्राम, सांस्कृतिक विरासत और देशभक्ति की अटूट भावना को श्रद्धांजलि देना था।
पूरे समारोह के दौरान युद्ध स्मारक राष्ट्रीय गौरव से गूंज उठा। सैन्य परेड बैंड ने जोश से भरी धुनें प्रस्तुत कीं, जो भारतीय सशस्त्र बलों के अनुशासन, वीरता और गौरवशाली परंपराओं को दर्शाती हैं।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण सैन्य बैंड और 'मोन्पा इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स' (मिपा) का अनूठी जुगलबंदी रही, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मिपा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने क्षेत्र की जीवंत परंपराओं को प्रदर्शित किया और राष्ट्रीय एवं स्थानीय पहचान के बीच सामंजस्य पर जोर दिया। यह कलात्मक सहयोग 'विविधता में एकता' का प्रतीक बना और सैन्य-नागरिक सहयोग की भावना को भी प्रदर्शित किया, जो दूरदराज के रणनीतिक सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।
इस समारोह में सैनिकों, नागरिकों, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों, छात्रों, युवाओं, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सशस्त्र बलों के साथ नागरिकों की उपस्थिति ने भारतीय सेना और जनता के बीच गहरे संबंधों को दर्शाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित